14 करोड़ रुपये की योजनाओं के करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को समापन करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर बाद 3:15 बजे मेला स्थल पाटबंगला पहुंचेंगे और मेले के विधिवत समापन की घोषणा करेंगे। रामपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
रामपुर में आयोजित लवी मेले का शुक्रवार को आधिकारिक रूप से समाप्त होगा। हालांकि मेले में करीब एक माह तक व्यापार गतिविधियां चलती रहेंगी। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:40 शिमला के अनाडेल हेलीपैड से रामपुर के लिए उड़ान भरेगा। दोपहर बाद 3:05 बजे शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे। 3:15 बजे मुख्यमंत्री लवी मेला मैदान पाटबंगला पहुंचकर मेले का समापन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 14 करोड़ रुपये की योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें जल शक्ति विभाग की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर परिषद रामपुर के छूटे हुए घरों के लिए तीन करोड़ रुपये से बनाई जा रही सीवरेज योजना, नोगली के समीप आईटीबीपी कॉलोनी के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से स्वीकृत 2.77 करोड़ की लागत से उठाऊ पेयजल योजना, दुर्गम पंचायत दरकाली और मुनिश बाहली के लिए 4.56 करोड़ की पेयजल योजनाओं का सुदृढ़ीकरण, ननखड़ी की कलेडा मझेवटी पंचायत के लिए 1.18 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजनाओं के संवर्धन का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा 1.78 करोड़ से जल जीवन मिशन के तहत रामपुर की विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण आरै ननखड़ी की थैली चकटी पंचायत में नाबार्ड के तहत बनी 74.38 लाख से बनी पेयजल योजना का लोकार्पण किया जाएगा। शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सर्किट हाउस रामपुर पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में नगर परिषद रामपुर की ओर से मुख्यमंत्री के लिए रात्रि भोज का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पदम छात्र स्कूल में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या के अंतिम दिन मुख्यमंत्री बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम रामपुर में ही होगा।