स्वयं सेवियों ने अरसू बाजार में चलाया स्वच्छता अभियान।
- फोटो : RAMPUR-HP
नित्थर (कुल्लू)। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने वीरवार को स्कूल परिसर और अरसू बाजार में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत स्वयंसेवियों ने करीब 30 किलोग्राम प्लास्टिक इकट्ठा कर क्षेत्र के लोगों को स्वच्छता भारत निर्माण का संदेश दिया। नेहरू युवा केंद्र कुल्लू युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अरसू में राष्ट्रीय सेवा योजना के बच्चों के साथ मिलकर यह स्वच्छता अभियान चलाया गया।
गौर हो कि 1 से 31 अक्तूबर तक चल रहे स्वच्छता अभियान के तहत निरमंड खंड की सभी पंचायतों में महिला मंडल, युवा मंडल और स्कूली छात्रों के पॉलीथिन को एकत्रित किया जा रहा है। वीरवार को अरसू में चला अभियान एनएसएस इंचार्ज डॉ. मनोरमा देवी की अगुवाई में चला।
स्कूल के प्रधानाचार्य तिलक राज शर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्य को पूरा करने के लिए एक बड़ा कदम हो सकता है, हर भारतीय नागरिक का एक छोटा सा कदम। इस मौके पर स्वयंसेवी कमलेश ठाकुर, पूजा, रविना, अजय, विश्वजीत, चिराग, नरोत्तम, पायल, गीता, आरती, दीपिका, प्रवींद्र, तनिशा, मोनिका, साक्षी, शशि बाला, निर्मला, अदिति, भूपेश और पायल नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।