समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रही परियोजना : मारवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से 31 मई तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस स्वच्छता पहल के अंतर्गत न केवल कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में जन जागरूकता भी फैलाई जा रही है।
ग्राम पंचायत गड़ेज के कोयल गांव में कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूकता शिविर लगाया गया, जिसमें हिमाचल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रामपुर के सहायक पर्यावरण अभियंता दीपक डोगरा ने महिलाओं को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण करने के संबंध में जानकारी दी। परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन न केवल बिजली उत्पादन करता है, बल्कि निगम के सामाजिक दायित्व नीति के तहत समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इसमें भारत को स्वच्छ बनाने के लिए कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया जाता है।