ठियोग में अवैध पार्किंग और यातायात नियमों की अवहेलना पर पुलिस ने की कार्रवाई। संवाद
. दो दिन चलाए अभियान के दौरान गलत पार्किंग के लिए 142 पर कार्रवाई भी की
. पुलिस कार्रवाई से वाहन चालकों में रोष, पार्किंग की उचित सुविधा न मिलने पर जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 8 और 9 सितंबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 209 चालान किए गए। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम की धारा 179 के तहत गलत पार्किंग के 142 चालान किए गए। इसके अलावा बिना बीमा वाहन चलाने पर एक चालान और तेज रफ्तार के 66 चालान किए गए। यह विशेष अभियान जनोग घाट से प्रेमघाट, ठियोग बाजार होते हुए रहीघाट तक चलाया गया। पुलिस ने सड़क के किनारे गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों से नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि ठियोग कस्बे में वर्तमान में ऐसी कोई पार्किंग की बड़ी सुविधा नहीं है, जहां बाजार में आने वाले लोग आसानी से अपने वाहन खड़े कर सकें। हालांकि, न्यू बस स्टैंड में पार्किंग का निर्माण किया गया है, लेकिन यह अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। इसके अलावा वार्ड नंबर-4 में करीब 25 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग उपलब्ध है, लेकिन शहर की जरूरत के मुकाबले यह सुविधा बेहद कम है। स्थानीय लोगों के अनुसार ठियोग में एक बड़ी और व्यवस्थित पार्किंग बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। पार्किंग की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण आम लोगों को मजबूरी में अपने वाहन सड़क के किनारे खड़े करने पड़ते हैं। इसके चलते कई बार उन्हें यातायात पुलिस की कार्रवाई और चालान का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठियोग बाईपास पर भी रोजाना 100 से अधिक वाहन पार्क किए जाते हैं। लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब कस्बे में पर्याप्त पार्किंग ही उपलब्ध नहीं है, तो आम आदमी अपना वाहन आखिर कहां खड़ा करे। लोगों का कहना है कि एक तरफ पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने के लिए बाध्य है, वहीं दूसरी तरफ वाहन पार्क करने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाना भी जरूरी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के राजनेताओं और राजनीतिक दलों से ठियोग में जल्द से जल्द एक बड़ी एवं व्यवस्थित पार्किंग का निर्माण करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान होने से न केवल सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कम होगी, बल्कि बाजार में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और आम वाहन चालकों को आए दिन होने वाले चालानों से भी राहत मिलेगी।