मां भीमाकाली मंदिर सराहन के निरीक्षण को पहुंचे एसपी शिमला मोहित चावला।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस रामपुर में सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। इसके लिए कमांड और कंट्रोल सेंटर बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
एसपी मोहित चावला ने नवरात्र में व्यवस्थाएं जांचने के लिए क्षेत्र के मंदिरों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र के मंदिरों और मां भीमाकाली मंदिर का टीम के साथ जायजा लिया। चावला ने रामपुर बाजार का भी दौरा किया। शहर में लोगों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग न बनाए रखने पर चिंता जताई। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नवरात्रों की शुभकामनाएं दीं।
प्रेसवार्ता में एसपी ने कहा कि रामपुर में यातायात, व्यापारी वर्ग, स्कूली बच्चों और किसान-बागवानों के अपने अपने मुद्दे हैं। चावला ने लोगों से अपील की कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए छेड़े अभियान में पुलिस का सहयोग करें। नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि से पुलिस को सूचित करें ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके। महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में जागृति योजना शुरू की गई है। इसके तहत महिलाओं को कानूनी अधिकार और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज का दौर कोरोना संक्रमण से गुजर रहा है। सभी को सतर्कता बरतना जरूरी है। जब तक कोई दवा नहीं आती, तब तक सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मास्क का अवश्य प्रयोग करने, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का ध्यान रखने की अपील की। कोरोना संक्रमण से छिड़ी जंग में मेडिकल, पैरा मेडिकल स्टाफ, पुलिस सैनिटाजेशन स्टाफ शील्ड का काम कर रहे हैं। उन्होंने इस शील्ड को बरकरार रखने की लोगों से अपील की है। चावला ने कहा कि पुलिस ने नारा दिया है कि सिटीजन फर्स्ट। इसके तहत यदि पुलिस को कोई शिकायत आती है तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।