सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिले की कड़छम-सापनी सड़क पर शिव मंदिर के पास सोमवार देर शाम को हुए हादसे में नदी में बहे दो लोगों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि, मंगलवार सुबह पांच बजे से सांगला थाना और कड़छम चौकी से पुलिस की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक दोनों लापता व्यक्तियों का सुराग नहीं लग पाया है।
सोमवार शाम करीब पांच बजे कड़छम-सापनी मार्ग पर एक कार सीधे बास्पा नदी में समा गई। मंगलवार सुबह पुलिस की टीम नदी किनारे रेस्क्यू में जुट गई। वहीं, पुलिस के साथ कामरू, कुप्पा, ब्रुआ, चुनंग और सापनी के ग्रामीण भी सुबह से लेकर शाम तक लापता व्यक्तियों को ढूंढने में जुटे रहे। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार तो मिल गई लेकिन लापता दोनों लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस की टीम डीएसपी भावानगर राजू की अगुवाई में थाना प्रभारी सांगला मोहन सिंह, चौकी प्रभारी कड़छम नरेंद्र कुमार कौंडल, मुख्य आरक्षी रणजीत, आरक्षी नीमा राम, पंकज कुमार, हरिभक्त, राजेश, रत्तननेगी, पवन कुमार, गृहरक्षक मनोज, जोग्रिंद सहित करीब 60 ग्रामीणों ने शिव मंदिर से कड़छम पुल तक लगातार रेस्क्यू करने में जुटे हुए हैं, लेकिन अभी तक दोनों व्यक्ति लापता हैं। पुलिस ने 279, 304 ए के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के 14 जवानों सहित तहसीलदार सांगला जयचंद धीमान, नायब तहसीलदार अनिल राणा ने घटनास्थल का दौरा किया।
उधर, एसपी किन्नौर एसआर राणा ने कहा कि सड़क हादसे में लापता हुए दोनों व्यक्तियों को तलाश करने के लिए सांगला थाना और कड़छम चौकी से पुलिस की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने कार को नदी से निकाल लिया है और कार को अपने कब्जे में ले लिया है।