शिमला बस अड्डे से ही नहीं चल रही शिमला-खमाड़ी बस
ननखड़ी तहसील की सात पंचायतों के हजारों लोग झेल रहे परेशानी
स्टाफ की कमी के कारण आ रही है परेशानी : परिवहन अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। शिमला से खमाड़ी जाने वाली एकमात्र बस शिमला बस अड्डे से ही नहीं चलने से ग्रामीणों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बीते एक सप्ताह से ननखड़ी तहसील के लिए शिमला से खमाड़ी आने वाली बस सेवा का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पथ परिवहन निगम अपनी मर्जी से शिमला-खमाड़ी बस को कभी ठियोग और कभी नारकंडा से भेज जा रहा है। इसके कारण शिमला से ननखड़ी तहसील को पहुंचने वाले ग्रामीणों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। परिवर्तन शिक्षा एवं विकास संस्था ननखड़ी अध्यक्ष राजेश खूंद, उपप्रधान जाहू कुलदीप ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, संदीप, रिंकू, कश्मीर सिंह, अजीत श्याम, राकेश गुप्ता, नारायण खूंद, दुर्गा दत्त शर्मा, राकेश चौहान, जय प्रकाश, संदीप ठाकुर, सुनील बिष्ट, साहिब सिंह, काकू शर्मा, मिंटू, लाल दास, देवेंद्र मेहता, पप्पू, खेमराज और टिंकू खूंद सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि शिमला से खमाड़ी आने वाले वाली यह एक मात्र बस है, जिससे ननखड़ी तहसील की सात पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ननखड़ी तहसील की खमाड़ी, कुंगल-बाल्टी, बगलती, ननखड़ी, अड्डू, जाहू और गाहन पंचायत के हजारों ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पहले ठियोग या नारंकडा पहुंचना पड़ रहा है। उसके बाद अपने गंतव्य के लिए बस सेवा मिल रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार और पथ परिवहन विभाग से शिमला-खमाडी बस को शिमला से चलाने की मांग की है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियां न झेलनी पड़ी। वहीं इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शिमला सुनील सनारिया ने कहा कि स्टाफ की कमी के चलते समस्या पेश आ रही है। जल्द ही शिमला-खमाड़ी बस को शिमला से चलाया जाएगा।