नेरवा (रोहडू)। नेरवा-पांवटा मार्ग पर बने फेडिजपुल पुल से वीरवार से दस दिसंबर तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इस दौरान अस्थायी पुल निर्माण के कार्य को शुरू किया जाना है। एनएच 707 पर नए पुल के निर्माण के चलते एक नया लोहे का अस्थायी पुल बनाया जा रहा है। अस्थायी पुल के निर्माण के बाद ही पुराने पुल के स्थान पर एनएच मापदंडों के आधार पर नए पुल का निर्माण किया जाना है।
उससे पहले अस्थायी पुल के लिए सड़क पर रखे गए भारी मैटीरियल और मशीनरी के चलते पुराने पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही पंद्रह दिन के लिए बंद कर दी गई है। एसडीएम चौपाल नरेंद्र चौहान ने बताया कि बड़े वाहनों की पुल पर रोक के बाद केवल एंबुलेंस, कार और जीप को ही जाने की अनुमति रहेगी। 26 नवंबर से दस दिसंबर तक चौपाल, नेरवा से त्यूणी और हाटकोटी और त्यूणी-हाटकोटी से नेरवा चौपाल व शिलाई की तरफ केवल छोटे वाहन ही गुजर पाएंगे। उन्होंने कहा कि चौपाल-नेरवा से हाटकोटी के लिए बसें और अन्य बड़े वाहन इस दौरान वाया खड़ापत्थर और त्यूणी से विकासनगर और पांवटा की तरफ जाने वाले वाहन वाया चकराता ही जा पाएंगे।