भावनगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले के भावा कंडे में पोह ढांक के पास भावा खड्ड में लकड़ी का पुल बह गया है जिसके कारण भावा कंडे में करीब चार हजार भेड़-बकरियां फंस गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर भेड़-बकरियों के पांच अलग-अलग झुंड पोह ढांक के पास फंसे हुए हैं। बाढ़ आने के एक महीने बाद भी उक्त स्थान पर पुल का निर्माण नहीं होने से पशुपालक अपकी भेड़- बकरियों को खड्ड के पार नहीं निकाल पा रहे हैं।
रामपुर के भेड़ पालक प्रकाश ने बताया कि भावा कंडे में अब ठंड दिनप्रतिदिन बढ़ रही है। भेड़-बकरियों को निचले क्षेत्रों में लाना चाहते हैं, लेकिन पोह ढांक के पास पुल बह जाने से भेड़-बकरियों को लाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भावा खड्ड का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में जब तक पोह ढांक के पास पुल नहीं बनाया जाता तब तक भेड़-बकरियों को नहीं ला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जान जोखिम में डालकर दूसरे तरफ फंसे भेड़ पालक को राशन सामग्री पहुंचा रहे हैं।
भावा खड्ड में इस पुल के अलावा अन्य छोटे पुल भी बह गए हैं। भेड़ पालकों ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द पुल बनाया जाए। उधर, तहसीलदार निचार चंद्रमोहन ने बताया कि पोह ढांक के पास जल्द अस्थायी पुल लगाकर भेड़ पालकों और भेड़-बकरियों को सुरक्षित निकाला जाएगा।