दुर्घटना स्थल से करीब 40 किमी दूर तातापानी पुल के पास मिला सोनिया का शव
अभी भी दंपति का नहीं मिला कोई भी सुराग, सर्च अभियान जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पिछले छह दिनों से लापता आनी के आभूषण व्यापारी की बेटी सोनिया का शव दुर्घटना स्थल से करीब 40 किमी आगे तातापानी पुल के समीप सतलुज किनारे मिला। सुन्नी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। वहीं दंपति का अभी तक कोई भी सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि लापता टीआर सोनी के बड़े भाई गीताराम से शव की पहचान करवाई गई। इसकेे आधार पर पुष्टि हुई कि सतलुज किनारे मिला शव लापता बेटी सोनिया का है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। लूहरी-सुन्नी सड़क पर नाज पुल के समीप बडु नामक स्थान पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र के आधार पर उन्होंने चिन्हित किया था कि यही स्पॉट दुर्घटना स्थल प्वाइंट हो सकता है। इसके बाद इस स्थान को सर्च करने के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। इस क्षेत्र की जांच करने के बाद जब शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम ढांक से नीचे उतारी गई तो व्यापारी की गाड़ी की नंबर प्लेट मिली थी, जो ढांक में लटकी हुई पाई गई। इसको एनडीआरएफ ने बाहर निकाला था। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान में जुटी है। उन्होंने कहा कि सतलुज का तेज बहाव होने के चलते टीम को सर्च करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी का बहाव कम होता है तो सर्च अभियान आसानी से किया जा सकता है।