संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रदेश की सत्ता संभालने से पूर्व मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के एक लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन रोजगार देना तो दूर कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही युवाओं से रोजगार छीनने का कार्य शुरू कर दिया। आउटसोर्स पर लगे हजारों युवाओं से रोजी रोटी छीनकर यह सरकार युवाओं से खिलवाड़ का कार्य कर रही है। ये आरोप भाजपा युवा मोर्चा रामपुर के अध्यक्ष अविनाश कायथ ने लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ विस क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया जाएगा और जहां भी होगा सरकार की जन विरोधी नीतियों को उजागर किया जाएगा। रामपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजयुमो अध्यक्ष अविनाश कायथ ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही अव्यवस्था का आलम शुरू हो गया है। झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई सरकार और जनता को ठगने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सरकार बनते ही प्रदेश में एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन युवाओं को नौकरी देने के विपरीत सरकार युवाओं से नौकरियां छीन रही है। प्रदेश में कर्मचारी चयन बोर्ड का अब तक गठन नहीं हो पाया है, जिस कारण हजारों युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। सरकार केवल उप मुख्यमंत्री की बेटी को रोजगार देने के लिए बाध्य है, जबकि प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि समूचे विस क्षेत्र में भाजयुमो प्रदेश सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी और विरोध स्वरूप अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि आज विश्व और देश में ग्लोबल वार्मिंग एक ज्वलंत समस्या बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजयुमो विस क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पौधरोपण अभियान चलाएगा और जनता को भी पौधरोपण बारे जागरूक किया जाएगा।
- भाजयुमो कार्यकारिणी का हुआ विस्तार
हाल ही में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा रामपुर के अध्यक्ष बने अविनाश कायथ ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व रामपुर विधान सभा से भाजपा प्रत्यशी कौल सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष कुलवीर खूंद से विचार विमर्श करने के बाद युवा मोर्चा रामपुर की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसके तहत राघव सोनी को युवा मोर्चा को उपाध्यक्ष चुना गया है। इसके अलावा सार्थक, रविंदर कुमार, रॉकी जिहान, संदीप कायथ, पप्पू, अमर सिंह मेहता, अरविंद कुमार, देवेंद्र बरोगी, विक्रांत जोशी, विरेंद्र राणा, दुर्गा शर्मा, नरेंद्र भलूनी, यशपाल वर्मा, ऋषि कौशल, अरजीत शर्मा, मोहित सिंह ठाकुर, मनीष शर्मा और सेनजीता को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि शेष बचे कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का जल्द चयन किया जाएगा।