ठियोग में प्रदेश प्रवक्ता बलवीर वर्मा के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
विज्ञापन
सीबीआई जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के मामले में बुधवार को ठियोग में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीबीआई जांच और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। भाजपा संगठनात्मक जिला महासू ने प्रदेश प्रवक्ता बलवीर वर्मा के नेतृत्व में ठियोग रेस्ट हाउस से सुभाष चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाए कि विमल नेगी की मौत सरकार की अफसरशाही और कर्मचारियों पर बनाए जा रहे दबाव को दर्शा रही है। प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक बलवीर वर्मा ने कैंडल मार्च को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार से मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में एक फॉरेस्ट गार्ड की मौत के मामले की जांच सीबीआई से करवाई गई थी, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार इस मामले में संवेदनहीन रवैया अपनाए हुए है। उन्होंने सरकार से जांच के साथ मामले में संलिप्त दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस कैंडल मार्च में जिला महासू के तहत आने वाले पांच भाजपा मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर महासू जिलाध्यक्ष अरुण फाल्टा, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राकेश डोगरा, पूर्व प्रत्याशी ठियोग अजय श्याम, शशि बाला और कौल नेगी सहित सभी मंडलों अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
10 मार्च को विमल नेगी शिमला से लापता हो गए थे। 18 मार्च को उनका शव गोबिंद सागर झील में मिला था। परिवार ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर उन्हें प्रताड़ित करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया था। 19 मार्च को एचपीपीसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों और विमल नेगी के परिजनों ने दफ्तर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की थी।