सोलन व शिमला में किया जाएगा नड्डा का भव्य स्वागत
तीन राज्यों में मिली जीत पर किया जाएगा अभिनंदन
5 जनवरी को शाम 6 बजे होगी भाजपा कोर ग्रुप की बैठक
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दी नड्डा के दौरे की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पांच जनवरी को सोलन व शिमला आएंगे। दोनों जगह उनका अभिनंदन किया जाएगा। सोलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ प्रांतों के चुनाव में जेपी नड्डा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रचंड जीत दर्ज की है। शिमला संसदीय क्षेत्र के लोग सोलन व शिमला में इसी उपलक्ष्य में जेपी नड्डा का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी को सुबह 9:30 बजे सोलन मालरोड पर नड्डा का रोड शो एवं अभिनंदन समारोह होगा और दोपहर 1:00 बजे होटल पीटर हाॅफ शिमला में अभिनंदन समारोह होगा। वहीं इस दिन शाम 6:00 बजे भाजपा हिमाचल प्रदेश की कोर ग्रुप की बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। डॉ बिंदल ने कहा कि तीन बड़े राज्यों में भाजपा की शानदार जीत ने देश का संपूर्ण माहौल भाजपामय कर दिया है और नरेंद्र मोदी देश के अभिजीत नेता के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा कि 2024 का वर्ष एक बार फिर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का वर्ष शुरू हुआ है। कहा कि मोदी ने 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे श्रेष्ठ राष्ट्र बनाने का काम शुरू किया है और हम सब लोगों को मिलकर उसे पूरा करना है।
वहीं राममंदिर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को निमंत्रण न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह वही लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास के समय काले कपड़े पहनकर लोकसभा में इसका विरोध किया था और सुप्रीम कोर्ट में भी शपथ पत्र दिया था कि वहां मंदिर ही नहीं था। हालांकि यह श्रीराम का कार्यक्रम है और हिंदुओं को इसमें निमंत्रण देने की जरूरत नहीं है। यदि कांग्रेस के नेता इसमें जाना चाहते हैं तो वह अच्छा होगा कि वह राम को अपना लें और बिना निमंत्रण के ही वहां पर जाएं। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर के लोकार्पण का लाइव प्रसारण प्रदेश में करीब 5000 जगहों पर होगा।