पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की देखरेख में संपन्न हुआ मंडल अध्यक्षों का चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में भाजपा ने पांच मंडल अध्यक्षों को नियुक्त कर दिया है। पूर्व शिक्षा एवं वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, चुनाव अधिकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सूद और पूर्व प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष भाजपा नेता सूरत नेगी की देखरेख में पांचों मंडलों के चुनाव हुए। किन्नौर जिले में भाजपा के तीन मंडल निचार, कल्पा और पूह मंडल थे, अब दो अन्य मूरंग और सांगला मंडल का गठन किया गया है।
गावा पालदेन पैलस को निचार मंडल, बीरबल लोकटस को सांगला मंडल, कंवर सिंह को कल्पा मंडल, जीतराम को मूरंग मंडल और दीप ज्योति को पूह मंडल का अध्यक्ष चुना गया। पूर्व प्रदेश वन विकास निगम उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता सूरत नेगी ने कहा कि भाजपा की ओर से पूरे देश में तीन महीने से संगठन महापर्व चलाया जा रहा है जिसके तहत सबसे पहले किन्नौर जिला में संगठन द्वारा सदस्यता अभियान चलाया गया जिसमें प्राइमरी मेंबर बनाए गए। तत्पश्चात एक्टिव मेंबर भी बनाए गए जिसमें 12 हजार प्राइमरी मेंबर और 600 के करीब सक्रिय सदस्य बनाए गए।
सूरत नेगी ने कहा कि किन्नौर जिला में 129 बूथों का गठन किया गया। तत्पश्चात मंडल अध्यक्षों का चुनाव करवाया गया। जल्द ही मंडलों की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। 31 दिसंबर से पहले जिला अध्यक्ष के चुनाव के बाद प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।