. मरीजों को रिपोर्ट के लिए करना पड़ रहा दो दिन का इंतजार
विज्ञापन
. चार जिलों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चार जिलों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में बायो केमिस्ट्री मशीन एक साल से खराब पड़ी है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को जांच रिपोर्ट मिलने में देरी हो रही है, जिससे उनकी उपचार प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द अस्पताल में नई मशीन स्थापित कर मरीजों को राहत पहुंचाने की मांग उठाई है। खनेरी अस्पताल में रोजाना शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिले से मरीज उपचाार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और मशीनों के हांफने से मरीज परेशानी झेलने को मजबूर हैं। रोजाना करीब एक हजार मरीजों की ओपीडी वाले इस अस्पताल में बायो केमिस्ट्री मशीन ठप पड़ी हुई है। इस कारण मरीजों को खून, पेशाब और अन्य बॉडी फ्लूइड की जांच करवाने में दिक्कतें पेंश आ रही हैं। ऐसे में किडनी, लीवर, दिल, शुगर और मेटाबॉलिज्म से जुड़े मरीजों को खून से संबंधित कई अहम टेस्ट बाहर करवाने पड़ रहे हैं। मरीजों का कहना है कि मशीन खराब होने के कारण उन्हें रिपोर्ट के लिए दो दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई मामलों में तत्काल रिपोर्ट की जरूरत रहती है, लेकिन रिपोर्ट में हो रही देरी से उपचार प्रभावित हो रहा है। मरीजों को अस्पताल में सुविधा न मिलने के कारण उन्हें निजी संस्थानों में जांच करवानी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही हैं।
पुरानी बायो-केमिस्ट्री मशीन जर्जर हो चुकी है। अस्पताल में जल्द ही एक नई मशीन स्थापित कर मरीजों को राहत पहुंचाई जाएगी। -डॉ. पदम शर्मा, कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक, खनेरी अस्पताल