दो सप्ताह से भालू की दहशत, डमाड़ी में वन विभाग ने लगाया पिंजरा
विज्ञापन
. शाम ढलते ही घरों में दुबकने को मजबूर ग्रामीण, बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। उपमंडल कुमारसैन क्षेत्र के डमाड़ी गांव और अगला बाजार के निचले इलाकों में दो सप्ताह से भालू की सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। रिहायशी इलाकों में लगातार भालू की आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बच्चों और अकेले आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं। ग्रामीणों की शिकायत और क्षेत्र में भालू की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने डमाड़ी गांव में भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है। पिंजरा लगाए जाने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही भालू को पकड़ लिया जाएगा। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से भालू की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान वनरक्षक लवली ठाकुर, राजेश वर्मा और विशाल के अलावा वन मित्र ऋषिका पमराल, सारिका, अंकुश, राहुल लक्ष्य और सहयोगी संदीप मौजूद रहे। स्थानीय वार्ड सदस्य लक्ष्मी धीमान समेत कई ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि भालू के डर से शाम के समय जरूरी काम से भी अकेले निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का खेतों में जाना और कार्य करना भी मुश्किल हो गया है। दो सप्ताह से क्षेत्र में भालू लगातार घूम रहा है। इस कारण ग्रामीणों का डर लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में क्षेत्र में पेश आई भालू के हमलों की घटनाओं के बाद ग्रामीण खासे सहमे हुए हैं। उन्होंने वन विभाग से भालू को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग के वनरक्षक लवली ठाकुर ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग शाम के समय अनावश्यक रूप से अकेले बाहर न निकलें। भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे छेड़ने से बचें और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। उन्होंने सुबह और शाम के वक्त जंगल की ओर जाने से बचने और समूह में चलने की हिदायत दी है।