संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई ( रोहडू )। कोटखाई क्षेत्र में भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब थरोला पंचायत में भालू ने पांच पालतू पशुओं को अपना शिकार बनाया है। वहीं, चमेत गांव में एक युवती पर भी भालू हमला कर उसे घायल कर चुका है। इससे लोगों और पशुपालकों में दहशत है। जानकारी के अनुसार, पिछले तीन से चार दिनों के दौरान थरोला पंचायत में चार बछड़ों को गोशालाओं में ही भालू ने मार डाला। पिछली रात भी गोशाला में घुसकर एक और पशु को मार दिया गया। इनमें बजोहा के विक्की रैईक, देशराज, राजिंद्र गमठा, निशांत पुरटा थरोल और बलोग के सोहन लाल की गाय की भालू के हमले में मारे जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, कई घरों से गोशालाएं काफी दूर स्थित हैं। ऐसे में रात के समय भालू के गोशाला में घुसने की भनक तक नहीं लग पाती और वह पशुओं को अपना शिकार बनाकर निकल जाता है। लगातार हो रहे हमलों के कारण लोगों में भय बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों को अब घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस हो रहा है।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे ग्रामीण..
इस समस्या को लेकर थरोल पंचायत के प्रधान राजेश पुरटा ने कहा कि वह वीरवार को एसडीएम कोटखाई को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ रही भालू की घटनाओं से अवगत करवाएंगे। उन्होंने प्रशासन के समक्ष इस समस्या को उठाने की बात कही।
चमेत गांव में पिंजरा स्थापित
वन मंडल ठियोग के डीएफओ मनीष रामपाल ने कहा कि क्षेत्र में भालू से जुड़ी घटनाएं बढ़ रही हैं। चमेत गांव में युवती पर हुए हमले के बाद वहां पिंजरा स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से लोगों को बचाने के लिए वन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।