नशा करता है जीवन बर्बाद, सड़क दुर्घटनाओं का भी कारण : डॉ. हरीश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में समग्र शिक्षा खंड आनी के सौजन्य से किशोर शिक्षा एवं नशा निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। कार्यक्रम में पीएमश्री विद्यालय आनी, राष्ट्रीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी, एचएमएस आनी और एसवीएम स्कूल के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
डॉ. हरीश ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में कई बार विद्यार्थी नशे की राह पकड़ लेते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के सौदागरों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के कारण जहां जीवन बर्बाद होता है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनता है। विद्यार्थियों में नशा निवारण विषय पर नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नारा लेखन प्रतियोगिता में एसवीएम आनी की सारिका प्रथम, कन्या विद्यालय आनी की अक्षिता द्वितीय और पीएमश्री विद्यालय की अमृता तृतीय स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में एचएमएस आनी की तेजस्विनी प्रथम, पीएमश्री आनी का अभिमन्यु गांधी द्वितीय और एसवीएम आनी की सारिका तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम में पाठशाला के नशा निवारण संयोजक प्रवक्ता प्रवीण मेहता ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर योग एवं प्राणायाम के माध्यम से अपनी एकाग्रता बढ़ाने की अपील की।
प्रधानाचार्य अमर चंद चौहान ने मुख्यातिथि सहित सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए गए।