रामपुर बुशहर। रामपुर बुशहर ऑटो यूनियन ने पुराने रेट पर ऑटो चलाने से साफ इंकार कर दिया है। ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि अभी तक उन्हें प्रशासन की ओर से कोई नोटिफिकेशन और गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। सभी ऑटो चालक नए तय किराये के अनुसार ही खनेरी, रामपुर, चूहाबाग, नोगली, ब्रौ, जगातखाना और अन्य स्थानों के लिए सवारियों को सेवाएं देंगे।
बुशहर ऑटो यूनियन के प्रधान देवी सिंह बुशैहरी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम ने बस किराये में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी की है। ऐसे में ऑटो यूनियन ने भी नए रेट पर ऑटो चलाने का फैसला लिया है। डीजल के दामों में भारी इजाफा हुआ है। ऐसे में महंगाई के इस दौर में पुराने किराये पर ऑटो सेवाएं जारी रखना मुश्किल है। ऑटो चालक पहले ही कोरोना की मार झेल रहे हैं और अपने परिवार का पालन पोषण करने का संकट खड़ा हुआ है। वहीं, यूनियन ने हमेशा नियमों के तहत ही ऑटो सेवाएं चलाने का फैसला लिया है। अगर कोई ऑटो चालक गलत काम करता है तो प्रशासन उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है। देवी सिंह ने कहा कि 2011 से प्रदेश सरकार ने 66 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी की है। अगर एचआरटीसी किराये में बढ़ाई गई दरों को वापस लेती है तो ऑटो यूनियन भी किराया कम करने में पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि ऑटो में ओवरलोडिंग पर यूनियन की कड़ी नजर है। जो चालक नियमों का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ यूनियन ने कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों और नियमों का सभी चालकों को कड़ाई से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। ऑटो चालक नए रेट के अनुसार ही रामपुर में अपनी सेवाएं देंगे।