रामपुर बुशहर। रामपुर में हर दिन बढ़ रहे कोरोना मामलों को लेकर ऑटो चालकों को भी सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बुशैहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष ने ऑटो चालकों को सख्त हिदायत दी है कि अपनी सीट पर किसी दूसरी सवारी को न बैठाएं। वहीं, ऑटो में प्रशासन की ओर निर्धारित नियमों के तहत दो ही सवारियों को बैठाना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऑटो चालक नियमों के खिलाफ सवारियां बैठाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहा कि सभी ऑटो चालक जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सही तरीके से पालन करें।
बुशैहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष देवी राम बुशैहरी ने बताया कि रामपुर में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण का अब कम्युनिटी में अधिक फैलने का खतना बढ़ने लगा है। इस समय सभी ऑटो रिक्शा चालकों को कोविड -19 महामारी के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। उन्होंने सभी ऑटो रिक्शा चालकों से अपील की है कि जब भी सवारी बैठाएं तो मास्क पहनें। इसके अलावा समय-समय पर वाहन को सैनिटाइज करें और किसी अनजान व्यक्ति से हाथ न मिलाएं। सभी को कोविड-19 के नियमों का दृढ़ता के साथ पालन करना होगा। गौरतलब है कि छह माह से कोरोना महामारी के चलते ऑटो में कम ही लोग बैठ रहे हैं, जिससे ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को कम सवारी मिलने पर उनको अपने परिवार का पालन पोषण करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में अगर महामारी का संक्रमण इस तरह से कम्युनिटी में अधिक संख्या में फैल गया तो ऑटो और टैक्सी चालकों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ सकता है। हालांकि, ऑटो चालकों को दो सवारियों के साथ रामपुर से खनेरी तक प्रति सवारी 20 रुपये किराया निर्धारित कर दिया गया है लेकिन सवारियां कम मिलने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।