फलों का साइज बढ़ेगा, ड्रॉपिंग से मिलेगी निजात
जमीन में नमी से किसान-बागवानों के खिले चेहरे
बीते लंबे समय से झेल रहे थे सूखे की मार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। शुक्रवार रात भर हुई बारिश से सेब और गुठलीदार फलों को संजीवनी मिली है। लंबे समय से चल रहे सूखे से निजात मिली है और जमीन में नमी भी लौट आई है। बारिश ने सेब, प्लम, बादाम, शकरपारा, खुमानी सहित स्टोन फ्रूट में जान फूंक दी है।
गौरतलब है कि बारिश से जहां सेब के फलों का आकार बढ़ेगा, वहीं ड्रॉपिंग से भी निजात मिलेगी। बीमारियां भी नहीं पनपेगी। सेब का साइज बढ़ने से उत्पादन में भी उछाल आएगा। बारिश से तैयार हो रही प्लम की फसल को भी काफी फायदा मिलेगा। बारिश से फलों का साइज बढ़ेगा और सूखे से जमीन पर नहीं गिरेंगे।
रामपुर उपमंडल के निचले क्षेत्रों में सेब की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। फ्लावरिंग दौर में मौसम अनुकूल रहने के कारण इस वर्ष सेब की सेटिंग अच्छी हो पाई है। हालांकि मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब की फसल कम है। ताजा बारिश सेब सहित गुठलीदार फलों के लिए काफी लाभदायक है। जमीन में नमी आने से सूखे से भी काफी हद तक बागवानों को राहत मिली है। प्रेम राज, उत्तम सिंह, अनिल कुमार, राकेश चौहान, सुरजीत खौश, हेमराज, पम्मू चौहान और विजय सहित अन्य बागवानों ने कहा कि बारिश से सेब और गुठलीदार फलों को लाभ मिलेगा। सूखे के कारण परेशानियां बढ़ रही थी कहीं फलों की ड्रॉपिंग न हो, लेकिन बारिश से काफी हद तक राहत मिली है। समय-समय पर अच्छी बारिश कृषि-बागवानी के लिए बहुत जरूरी है।
बागवानी विशेषज्ञ डॉ. अश्वनी चौहान का कहना है कि बारिश सेब और गुठलीदार फलों के लिए फायदेमंद है। जमीन में नमी आने से फलों का साइज बढ़ेगा और ड्रॉपिंग की समस्या भी नहीं रहेगी।
सब्जियों के लिए भी वरदान
इन दिनों किसान मटर, आलू, भिंडी, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, बैंगन और फ्रासबीन सहित अन्य सब्जियां तैयार कर रहे हैं। ऐसे में बारिश से सब्जियों को भी लाभ पहुंचेगा।