ठियोग (रामपुर बुशहर)। सरकार के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि पराला में जल्द ही एप्पल प्रोसेसिंग प्लांट की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने हामी भरी है। इस प्लांट के लगने से बागवानों और सरकार दोनों को फायदा होगा। जल्द ही मंडी में बागवानों को जो दिक्कतें आ रही हैं इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा, लेकिन सेब सीजन के चलते इसका काम इस साल करने में दिक्कत हो सकती है। यह बात पूर्व बागवानी मंत्री और मौजूदा सरकार के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने सोमवार को पराला मंडी के दौरान कही। उनके साथ एपीएमसी के चेयरमैन नरेश शर्मा मौजूद रहे। इस मौके पर बरागटा ने पराला में बागवानों की समस्याओं को सुना।
गौरतलब है कि प्रदेश में सेब का सीजन इन दिनों जोरों से चला हुआ है। ऊपरी शिमला में खोली गई मंडी पराला में इन दिनों 30 हजार पेटियां रोजाना आ रही हैं। शुक्रवार को पूर्व बागवानी मंत्री और मौजूदा सरकार के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने सोमवार को पराला मंडी का दौरा किया। उनके साथ एपीएमसी के चेयरमैन नरेश शर्मा मौजूद रहे। इस मौके पर बरागटा ने पराला में बागवानों की समस्याओं को सुना और कहा कि उनके पूर्व कार्यालय में इस मंडी को शुरू किया गया था, लेकिन उसके बाद सरकार बदल गई और कांग्रेस सरकार ने इस मंडी की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इस मौके पर मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि मौजूदा सरकार बागवानों के हितों के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं इस मौके पर महासू जिला अध्यक्ष अजय श्याम, मंडल अध्यक्ष दुनीचंद, यशवीर, पराला मंडी प्रधान अनूप चौहान सहित कई बागवान और सेब कारोबारी मौजूद रहे।