. कहा, सोशल मीडिया पर गलत खबरें चलाने के बजाय जनता को सुविधाएं दें
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
आनी के किरण बाजार के पास एनएच-305 पर भूस्खलन की चपेट में आने से एक वाहन पर मलबा और पत्थर गिरने के बाद घायल हुए दो लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी लाया गया। इस दौरान अस्पताल में नई एक्सरे मशीन उपलब्ध न होने को लेकर पूर्व बीडीसी सदस्य सुषमा सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा।पत्रकार वार्ता में सुषमा सिंह ने कहा कि आपात स्थिति में घायलों को एक्सरे जैसी जरूरी सुविधा के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आनी अस्पताल में पुरानी एक्सरे मशीन खराब होने के बाद नई मशीन लगाए जाने को लेकर कांग्रेस के स्थानीय नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर खबरें प्रसारित की गईं लेकिन हकीकत में अभी तक नई एक्सरे मशीन स्थापित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जनता को सोशल मीडिया के माध्यम से गलत जानकारी देने के बजाय सरकार और स्थानीय कांग्रेस नेताओं को धरातल पर काम करना चाहिए। उन्होंने मांग उठाई कि आनी अस्पताल में जल्द से जल्द नई एक्सरे मशीन स्थापित की जाए ताकि आपात स्थिति में मरीजों को सुविधा मिल सके और उन्हें अन्य अस्पतालों के लिए रेफर न करना पड़े। सुषमा सिंह ने कहा कि आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार कई बार विधानसभा में अस्पताल की एक्सरे सुविधा का मुद्दा उठा चुके हैं। इसके बावजूद आनी की अनदेखी चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं।
अस्पताल में नई एक्सरे मशीन लगाने की प्रक्रिया जारी है। आगामी 10 दिन के भीतर नई एक्सरे मशीन स्थापित होने की उम्मीद है। मशीन स्थापित होने के बाद अस्पताल में एक्सरे की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध होगी।
- डॉ. भागवत मेहता, खंड चिकित्सा अधिकारी आनी