संंवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। चार दिवसीय जिला स्तरीय आनी मेले का शुक्रवार को देवताओं की विदाई के साथ ही समापन हो गया। समापन समारोह में आनी खंड के 17 पुरुष प्रधानों ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए सामूहिक एक लाख 70 हजार रुपयों की राशि भेंट की। प्रधान संघ आनी के अध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा ने क्षेत्र वासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए मेलों को संजोये रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति के परिचायक हैं। वहीं, मेला कमेटी के अध्यक्ष लाल सिंह ने शांतिपूर्वक मेले के आयोजन रहने पर क्षेत्रवासियों को सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया है।
कारोबार कम होने से नाखुश व्यापारी
आनी। इस वर्ष का मेला व्यापारिक दृष्टि से फीका रहा है। अधिकतर व्यापारियों से बात करने पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में आधा व्यापार हुआ है। नित्थर से मेले में हलवाई का कार्य करने आये संतोष शर्मा ने बताया कि इस वर्ष कमेटी को किराया पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। बहुत कम लोगों ने खरीदारी की है, जिससे उनका खर्चा भी पूरा नहीं हो सका है।