कूट-किन्फी रूट पर अनियमित संचालन और बार-बार तकनीकी खराबी से बढ़ी मुश्किलें
विज्ञापन
स्कूली बच्चों और मरीजों को भी उठानी पड़ रही परेशानी . उपमंडल रामपुर के दुर्गम क्षेत्र में परिवहन निगम की बस सेवा चरमराई . आए दिन रास्ते में हांफ रही बसें, तीन पंचायतों के हजारों ग्रामीण परेशान संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के दुर्गम क्षेत्रों में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। कूट-किन्फी रूट पर बस के अनियमित संचालन और बार-बार खराब होने से तीन ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आए दिन बस के बीच रास्ते में खराब होने से ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर कूट, क्याव और गानवी पंचायतों के ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग उठाई है। ग्रामीणों के अनुसार, बीते दिन भी क्याव बस अड्डे पर टायर पंचर होने के कारण बस खड़ी हो गई। इसके अलावा कई बार तकनीकी खराबी के चलते बस बीच रास्ते में ही बंद हो जाती है। पूर्व प्रधान क्याव पंचायत दिलीप निल्टू, जयप्रकाश नेगी, राजेंद्र गाजटा, राजेंद्र भंडारी, लवली निल्टू, केसर निल्टू, राजू और अनिल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि एचआरटीसी के रामपुर डिपो की यह बस क्षेत्र के लोगों के लिए आवाजाही का प्रमुख साधन है। वर्तमान में बस सुबह करीब 7:15 बजे किन्फी से रामपुर के लिए रवाना होती है, जबकि दोपहर करीब 2:00 बजे रामपुर से वापस किन्फी जाती है। इस बस सेवा पर स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों की आवाजाही निर्भर है। विशेषकर गानवी और क्याव पंचायतों के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए यह बस बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने कहा कि बस के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने और बीच रास्ते में खराब होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है। बस सेवा बाधित होने पर ग्रामीणों को मजबूरन महंगे किराये पर टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों ने उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह से मांग की है कि बस का नियमित तकनीकी निरीक्षण करवाया जाए और इसे निर्धारित समय पर चलाने के निर्देश दिए जाएं। बस में खराबी आने की स्थिति में वैकल्पिक बस की व्यवस्था करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश भी जारी किए जाएं।
तकनीकी जांच के बाद ही रूट पर भेजी जा रही बसें
बसों को तकनीकी जांच के बाद ही रूटों पर भेजा जा रहा है। लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। — स्वरूप दीवान, अड्डा प्रभारी, रामपुर