रामपुर में सतलुज नदी का बढ़ा जलस्तर।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। बीती रात हुई तेज बारिश के चलते सतलुज नदी उफान पर है। नदी में बढ़े जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतलुज नदी किनारे न जाने की हिदायत दी है। नदी का जलस्तर बढ़ने से सतलुज किनारे पानी का बहाव तेज हो गया है, हालांकि क्षेत्र में जल विद्युत परियोजनाओं की ओर से भी हूटरों के माध्यम से लोगों को सतलुज नदी के किनारे न जाने की अपील की जा रही है।
उधर, नाथपा डैम से भी 400 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है, जिस कारण नदी में पहले की अपेक्षा काफी जलस्तर बढ़ने का अंदेशा है। ऐसे में नदी किनारे जाना खतरों से खाली नहीं है। प्रशासन और जल विद्युत परियोजना प्रबंधन की ओर से लोगों को नदी किनारे न जाने की सलाह दी जा रही है।
तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने बताया कि सतलुज नदी में पानी का स्तर काफी हद तक बढ़ गया है, जिस कारण नदी किनारे जाने खतरे से खाली नहीं है। शनिवार सुबह नाथपा बांध से 400 क्यूमेक्स अतिरिक्त जल छोड़ा गया, जिसके चलते नदी में पानी का स्तर और बढ़ गया है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया है कि सतुलत नदी की ओर जाने से परहेज करें और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी से दूर रहें।