कृषि एवं बागवानी विभाग ने जारी की संयुक्त निर्देशिका
रोगग्रस्त टहनियों के सुरक्षित निस्तारण और स्वस्थ अपशिष्ट से खाद बनाने की बताई वैज्ञानिक विधि
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। सेब और अन्य फलों के बगीचों में प्रूनिंग (काट-छांट) से निकलने वाला कचरा अब बागवानों के लिए उपयोगी संसाधन बन सकता है। कृषि एवं बागवानी विभाग ने संयुक्त निर्देशिका जारी कर प्रूनिंग की टहनियों, सूखी पत्तियों और घास-फूस के वैज्ञानिक निस्तारण की विधि बताई है। इससे बगीचों में कीटों और बीमारियों का प्रसार रोकने के साथ जैविक खाद तैयार कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाई जा सकेगी और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता भी कम होगी।
निर्देशिका के अनुसार, प्रूनिंग के बाद स्वस्थ और रोगग्रस्त टहनियों को अलग करना जरूरी है। कीट, फफूंद या बीमारी से प्रभावित टहनियों पर संक्रमण रोकने के लिए पांच प्रतिशत यूरिया घोल (पांच किलोग्राम यूरिया प्रति 100 लीटर पानी) का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इसके बाद इन टहनियों को गड्ढे में दबाकर सुरक्षित निस्तारित करना चाहिए, ताकि बीमारी दूसरे पेड़ों तक न फैले।
स्वस्थ टहनियों, पत्तियों और घास-फूस से कंपोस्ट बनाने के लिए आठ से दस फीट लंबा, चार फीट चौड़ा और तीन फीट गहरा गड्ढा तैयार करना होगा। इसके तल में चार से छह इंच मोटी जैविक अपशिष्ट की परत बिछाकर वेस्ट डीकंपोजर के घोल का छिड़काव करना चाहिए। इसके ऊपर तीन से चार इंच मोटी गोबर या गोबर के घोल की परत और फिर लगभग एक इंच उपजाऊ मिट्टी डालनी होगी। इसी प्रक्रिया को दोहराते हुए गड्ढा भरकर पुरानी जूट की बोरियों से ढक देना चाहिए।
खाद में नमी बनाए रखने और अपघटन की प्रक्रिया तेज करने के लिए प्रत्येक 20 से 25 दिन बाद वेस्ट डीकंपोजर का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। कुछ महीनों में जैविक अपशिष्ट काले रंग की भुरभुरी खाद में बदल जाएगा, जिसका उपयोग आगामी मौसम में बगीचों में किया जा सकता है।
निर्देशिका के मुताबिक, प्रूनिंग अपशिष्ट से तैयार जैविक खाद मिट्टी की उर्वरता और भूमि की सेहत सुधारने में सहायक होगी। इससे फलों की गुणवत्ता बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है। बागवान बगीचों से निकलने वाले कचरे का उपयोग खाद बनाने में कर रासायनिक उर्वरकों पर होने वाला खर्च घटा सकते हैं। इस तरह उचित प्रबंधन से प्रूनिंग अपशिष्ट को समस्या के बजाय उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है।