एसडीएम रामपुर सुरेद्र मोहन को ज्ञापन सौंपते कूट पंचायत का प्रतिनिधिमंडल
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत कूट के ग्रामीणों ने यहां विद्युत उत्पादन में जुटी गुडविल एनर्जी परियोजना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंचायत ने कंपनी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है। ग्रामीण शनिवार से परियोजना प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।
ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि फिर भी मांगों पर सहमति नहीं बनी तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। शुक्रवार को ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात कर इस बात की जानकारी दी।
गौर रहे कि 15/20 क्षेत्र की कूट पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर गुडविल कंपनी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें परियोजना प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को पूरा न करने का परियोजना प्रबंधन पर आरोप लगाया गया है और एसडीएम सुरेंद्र मोहन को ज्ञापन सौंप कंपनी पर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने विशेष ग्राम सभा कर निर्णय लिया है कि शनिवार से ग्रामीण एकजुट होकर कंपनी के खिलाफ सुरू और कूट में प्रदर्शन करेंगे। पंचायत प्रधान रत्न डोगरा, उप प्रधान नितीश भंडारी, उदय डोगरा, रोहित, आशीष, सुरेंद्र, दीपक सहित अन्य ने कहा कि पिछले वर्ष दिसंबर माह में स्थानीय समस्याओं और मांगों के लेकर सात सूत्रीय प्रस्ताव एसडीएम रामपुर को सौंपा था, इसके बाद परियोजना प्रबंधन ने एसडीएम को ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया था, लेकिन आज दिन तक इसे कंपनी की ओर से गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे साफ है कि कंपनी न तो पंचायत और न ही प्रशासन के निर्देशों को मान रही है, जिस कारण ग्रामीणों में भारी रोष पनपा है। अब ग्रामीणों ने विशेष ग्राम सभा कर निर्णय लिया है कि शनिवार से ग्रामीण एकजुट होकर कंपनी के खिलाफ सुरू और कूट में प्रदर्शन करेंगे, इसकी जानकारी तहसील प्रशासन और जिला प्रशासन को पहले ही दे दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों की परियोजना में आवाजाही भी रोकी जा सकती है। यदि इसके बाद भी कंपनी कोई उचित कदम नहीं उठाती है तो प्रदर्शन को उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेवारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की होगी।