. विभाग ने पूजा अर्चना के बाद मशीन से फाउंडेशन का कार्य किया शुरू किया
विज्ञापन
. बीते वर्ष बाढ़ में पुल के बहने से तीन पंचायतों के ग्रामीण झेल रहे थे परेशानियां
एक साल बाद गानवी खड्ड में बेली ब्रिज निर्माण के लिए रखी नींव . 15/20 क्षेत्र की तीन पंचायतों के ग्रामीणों को जल्द मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर विकास खंड के दुर्गम क्षेत्र 15/20 में गानवी खड्ड में पुल (बेली ब्रिज) के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। एक साल तक गहरी नींद में सोई सरकार ने बाढ़ में बहे बिजली बोर्ड के पुल के पुन: निर्माण का कार्य लोक निर्माण को दे दिया है। सोमवार को बेली ब्रिज के निर्माण के लिए आधार स्तंभ की फाउंडेशन का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया। मंगलवार को पूजा-अर्चना के बाद विभाग ने बड़ी मशीन से फाउंडेशन बनाने के लिए खोदाई करनी आरंभ कर दी है। विभाग ने आदेश मिलते ही गानवी खड्ड के दोनों तरफ पुल के निर्माण के लिए दो आधार स्तंभ का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। आधार स्तंभों के निर्माण पर करीब 40 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। एक साल से पुल का पुन: निर्माण न होने से 15/20 क्षेत्र की तीन पंचायत के ग्रामीणों का सड़क संपर्क जिला और उपमंडल से बार-बार कट रहा है।
बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया पुल, अस्थायी व्यवस्था भी ध्वस्त
बीते वर्ष अगस्त 2025 को गानवी खड्ड में आई बाढ़ से पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद तीन पंचायतों के ग्रामीणों की आवाजाही के लिए दुश्वारियां बढ़ गई थीं। आरसीसी पाइपों पर मलबा बिछाकर गाड़ियों की आवाजाही करवाई जा रही थी। खड्ड में पानी का स्तर बढ़ने से यह अस्थायी व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई है। अब खड्ड में पानी और मलबा बढ़ने से अस्थायी व्यवस्था भी नहीं बन पाएगी। इस कारण 15/20 क्षेत्र की तीन पंचायतों गानवी, कूट और क्याव के लोगों का कई माह तक सड़क सुविधा से वंचित रहना पड़ सकता है। क्षेत्र के रोज आने-जाने वाले स्कूली छात्रों, कर्मचारियों, मरीजों, रोजमर्रा की वस्तुओं की आवश्यकता वालों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
गानवी खड्ड में पुल के निर्माण के लिए एबटमेंट (आधार स्तंभ) के फाउंडेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को मौके पर बड़ी मशीन खोदाई में जुट गई है। फाउंडेशन के बनते ही एबटमेंट के कंक्रीट का कार्य भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा। गानवी खड्ड के दोनों ओर एबटमेंट का निर्माण करीब 40 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। - राहुल जंजीहा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग सराहन
ज्यूरी में 16 लाख की लागत से तैयार हुआ कचरा प्रबंधन संयंत्र। संवाद