. 10 साल से प्राथमिक स्कूल भवन में लग रहीं कॉलेज की कक्षाएं
विज्ञापन
. 25 करोड़ की लागत से बनेगा भवन, अभी 5 करोड़ रुपये स्वीकृत . 35 बीघा भूमि पर प्रस्तावित है डिग्री कॉलेज निरमंड का निर्माण संवाद न्यूज एजेंसी निरमंड(कुल्लू)। एक दशक से कॉलेज भवन की आस लगाए बैठे निरमंड कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर आई है। 10 साल के लंबे इंतजार के बाद निरमंड कॉलेज भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में विभाग ने चार करोड़ रुपये का टेंडर अवॉर्ड किया है। निरमंड कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को प्राथमिक स्कूल भवन में कक्षाएं लगाने से जल्द छुटकारा मिलेगा। अब कॉलेज भवन के निर्माण के आड़े आ रहीं सभी बाधाएं दूर कर हो गई हैं। 32 पंचायतों के मुख्यालय निरमंड में वर्ष 2016 में कॉलेज खोला गया था। ग्रामीण इलाकों के सैकड़ों विद्यार्थियों को इस कॉलेज का लाभ पहुंच रहा है। युवाओं को घर द्वार पर उच्च शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा मिली है। वर्ष 2016 से ही कॉलेज की कक्षाएं प्राथमिक स्कूल भवन में लगाई जा रही हैं। पर्याप्त जगह की कमी के कारण कॉलेज में केवल कला और वाणिज्य संकाय में ही पढ़ाई हो पा रही है। क्षेत्र के लोग और विद्यार्थी वर्ग लंबे समय से नए कॉलेज भवन की आस लगाए हुए थे, जो अब जल्द ही पूरी होगी। नया कॉलेज भवन बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने निरमंड के रेता मोड़ के साथ लगते प्रेणी में करीब 35 बीघा भूमि का चयन किया गया है। नया भवन बनने से जहां कॉलेज के छात्रों को आधुनिक सुविधा मिलेगी, वहीं छात्र-छात्राओं को दूसरे विषयों में शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा मिलेगी।
डिग्री कॉलेज निरमंड के भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 25 करोड़ की लागत से बनने वाले कॉलेज भवन के लिए अब तक पांच करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। विभाग ने 4.02 करोड़ रुपये का टेंडर आवंटित कर कार्य शुरू कर दिया है। - मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निरमंड