प्रशासनिक ट्रिब्यूनल बंद करने के विरोध में कोर्ट बायकॉट करते रामपुर बार एसोसिएशन के सदस्य
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। शिमला में हाल ही में पुलिस की ओर से वकील के साथ किए गए बर्ताव की चिंगारी वीरवार को रामपुर भी पहुंची। सरकार द्वारा प्रशासनिक ट्रिब्यूनल बंद करने के विरोध में वकीलों ने रामपुर में कोर्ट का भी बायकॉट किया। साथ ही चेताते हुए कहा कि यदि सरकार इस फैसले को जल्द नहीं बदलती है, तो आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
बार एसोसिएशन रामपुर ने बार एसोसिएशन शिमला का साथ देते हुए प्रदेश व्यापी कोर्ट बंद का समर्थन किया और वीरवार का कोर्ट के कामकाज से किनारा किया। सदस्यों ने शिमला हाईकोर्ट की प्रतिबंधित सड़क को लेकर पुलिस की ओर से एडवोकेट के साथ किए बर्ताव और सरकार की ओर से ट्रिब्यूनल को लेकर जो निर्णय लिया गया है, उसके खिलाफ कोर्ट का बायकॉट किया। रामपुर बार एसोसिएशन अध्यक्ष बेला सिंह ठाकुर के अनुसार यदि सरकार अपने फैसले को नहीं बदलती है तो आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। बार एसोसिएशन रामपुर हमेशा शिमला बार के साथ खड़ी रहेगी।
इस मौके पर बार अध्य्क्ष बेला सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष हिमेश ठाकुर, सचिव अविनाश वर्मा, मदन लाल वर्मा, योगराज देष्टा, रमेश नेगी, हेमंत ठाकुर, जेआर कैंथला, जेआर रोष्टा, आरपी नेगी युल्लाम, अजय शर्मा, विकेश कोचर, महेश मनसेक, सुनिश गुप्ता और अरुण मेहता सहित कई अन्य बार सदस्य मौजूद रहे।