रोहड़ू बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण करने पर की कार्रवाई, चालान काटे
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू बाजार में सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर नगर परिषद का डंडा चला है। शनिवार को औचक निरीक्षण के दौरान कई लोगों का सामान जब्त कर चालान किए गए। जुर्माना भरने के बाद ही सामान लौटाया गया। अफरा-तफरी के बीच कई रेहड़ी-फड़ी वाले भागने में कामयाब रहे।
नगर परिषद रोहड़ू के कार्यकारी अधिकारी की अगुआई में लगभग पंद्रह रेहड़ी-फड़ी वालों के चालान किए गए। नगर परिषद की कार्रवाई से पहले ही कई रेहड़ी-फड़ी वाले अपना ठेला उठाकर बाजार से भाग गए। सड़क किनारे अतिक्रमण से वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। नगर परिषद ने दुकानदारों और नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि बाजार में अतिक्रमण को रोका जा सके। तय किया गया है कि नगर परिषद जल्द ही पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी वालों को उचित स्थान आवंटित करेगी। गैर-पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी वालों को बाजार से हटाया जाएगा। नगर परिषद ने रेहड़ी-फड़ी वालों से आग्रह किया कि अपना सामान सड़कों पर न लगाएं और नियमों का पालन करें। दुकानों के बाहर यदि सामान लगाया तो कार्रवाई की जाएगी। कार्यकारी अधिकारी पियूष चौहान, सफाई पर्यवेक्षक मनोज चौहान ने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की है कि नगर परिषद के इस अभियान में सहयोग करें। बाजार में स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग दें।