राहिघाट के पास गश्त के दौरान पुलिस को मिली सफलता
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं एनडीपीएस के तहत दो मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। सरकार और पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद भी क्षेत्र में चिट्टा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। ठियोग के राहिघाट में पुलिस ने एक युवक से 13.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम बुधवार रात को गश्त करती राहिघाट के पास पहुंची। सूचना मिली कि एक युवक मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने युवक को ढूंढा। तलाशी लेने पर 13.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अभिलाष नरैक (33) निवासी गांव सेहडोली, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से ही एनडीपीएस के तहत दो मामले दर्ज हैं। एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि मिशन भरोसा के तहत नशे के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और क्षेत्र से नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।