29 ग्राम चिट्टे की बरामदगी के बाद बैकवर्ड लिंकेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई पुलिस ने चिट्टे के मामले में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पंजाब से मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखपाल सिंह (28), निवासी गांव मनियाना, जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने 8 सितंबर को कोटखाई थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में देवरी-खनेटी निवासी अंकित से करीब 29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नशे की तस्करी के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), व्हाट्सएप चैट और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) खंगाले गए। इसमें हेरोइन की खरीद-फरोख्त को लेकर पंजाब निवासी सुखपाल सिंह के साथ बातचीत के साक्ष्य सामने आए। इसके बाद कोटखाई पुलिस की विशेष टीम पंजाब भेजी गई। टीम ने जिला संगरूर के गांव मनियाना में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इनसेट
2026 में 86 मुख्य तस्कर गिरफ्तार
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 86 मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि नशा तस्करी के 64 नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। वर्ष 2025 में आठ मुख्य तस्कर गिरफ्तार हुए थे और चार नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे। वहीं, वर्ष 2024 में 15 मुख्य तस्करों की गिरफ्तारी के साथ चार नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे।
कोट
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस अब नशे की छोटी खेप बरामद करने के साथ ही उसके पीछे सक्रिय आपूर्ति तंत्र तक पहुंचने पर जोर दे रही है। तकनीकी साक्ष्यों और बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से तस्करों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति अपनाई जा रही है।