नेरवा (रोहड़ू)। सड़क हादसे में नेरवा पंचायत के उपप्रधान नरेश भिख्टा की शुक्रवार रात मौत हो गई। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नरेश (35) पुत्र संतराम भिख्टा शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे नेरवा से अपने घर कलारा को जीप एचपी 17 सी-5200 में जा रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग पांच सौ फीट नीचे शाल्वी नदी के किनारे खेतों में जा गिरी। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए नेरवा अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शोक में नेरवा बाजार शनिवार को बंद रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। दोपहर बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को बीस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। डीएसपी चौपाल वरुण पटियाल ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।