रोहड़ू। उपमंडल के सभी बाजार मंगलवार तक बंद रहेंगे। लोगों की सुविधा के लिए राशन, दवाइयों व सब्जी की दुकानों को खुला रखने के निर्देश दिए गए है। नगर परिषद ने बाजार में फागर से सैनिटाइजेशन शुरू कर दी है।
रविवार को पूरा दिन सभी दुकानों को बंद रखने का एलान किया है। एसडीएम रोहडू़ की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को पंचायत स्तर पर सावधानियां बरतने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एसडीएम बीआर शर्मा ने उत्तराखंड की सीमा पर कुड्डू में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को 24 घंटे कड़ी निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कुड्डू बैरियर से कोई भी बसें पार नहीं होंगी। बाहर से आने वाले सभी बसों पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा यदि कोई पंचायत स्तर पर कोरोना से पीड़ित व्यक्ति की संभावना हो तो इसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दे। बैठक में सामान की होल्डिंग करने वालों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार कोरोना संभावित क्षेत्रों से यहां पहुंचने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी रखेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवश्यक सामान की कोई कमी नहीं है। इसलिए लोग घरों में अनावश्यक सामान की होल्डिंग करना बंद करें। उन्होंने कहा कि बसों, सार्वजनिक स्थानों को सैनिटाइज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल व बाहरी क्षेत्रों से पहुंचने वाले मजदूरों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। रविवार को लोग सरकार के निर्देशानुसार शाम पांच बजे जन सेवा में जुटे लोगों का तालियों, सायरन से स्वागत करें।