चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल के अंतर्गत खगना के समीप बुधवार को एक जेसीबी मशीन दुर्घटनाग्रस्त हुई है। हादसे में मशीन के क्लीनर की मौत हुई है। सड़क कटिंग का कार्य करते समय जेसीबी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसा चौपाल से नौ किलोमीटर दूर खगना के समीप बुधवार दोपहर करीब बारह बजे हुआ। जब जेसीबी मशीन सड़क कटिंग का कार्य कर रही थी। इस दौरान मशीन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क गई। हादसे में जेसीबी के क्लीनर की मशीन के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही मौत हुई है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चौपाल लाया गया। मृतक की पहचान मुनीश (24) पुत्र शेर सिंह, गांव बुगल, डाकघर पैंथल (कांगड़ा) के रूप में हुई है।
डीएसपी चौपाल वरुण पटियाल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।