नेरवा/ रोहड़ू। उत्तराखंड के त्यूणी-हनोल मार्ग पर एक अप्लाइड फॉर आल्टो कार बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में सवार नेरवा की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार कार में सवार हो कर कुछ लोग हनोल महासू देवता के दर्शन के लिए जा रहे थे। हनोल से पांच किलोमीटर पहले कार अनियंत्रित हो कर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में संतोष ठाकुर (30) पत्नी स्वर्गीय देवेंद्र ठाकुर निवासी नेरवा की मौके पर ही मौत हो गई। संतोष ठाकुर के दो पुत्र शिवांग व शबह ठाकुर, आशा देवी पत्नी कुलदीप सिंह (42) निवासी सनोरा (राजगढ़) जिला सिरमौर, श्रवण सिंह (64) निवासी टिकरी, तहसील नेरवा व मिसरू मल पुत्र मौजी निवासी त्यूणी, उत्तराखंड घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी त्यूणी संदीप पंवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर दमकल विभाग की टीम के साथ राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल त्यूणी पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी घायलों को देहरादून रेफर कर दिया गया है। त्यूणी थाना प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।