रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई ने कॉलेज की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। शुक्रवार को इकाई के सदस्यों ने कॉलेज प्राचार्य डॉ. केसी कश्यप के माध्यम से शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को ज्ञापन भेजा गया। इसमें एबीवीपी ने शिक्षा मंत्री से शिक्षा क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम एवं पुनर्मूल्यांकन के परिणाम को जल्द घोषित करने की मांग उठाई है। वहीं, वर्ष 2014 से प्रदेश में छात्र संघ चुनाव पर लगे प्रतिबंध को तुरंत बहाल करने की गुहार लगाई है। इकाई ने कहा कि छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगाकर छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है, जिसे शीघ्र बहाल किया जाए। इसके अलावा कॉलेज परिसर का कार्य जल्द शुरू करने और प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक विषयों में 25 से 30 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की गई है। इसके अलावा सरकारी मेडिकल महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर उपकरणों, चिकित्सकों, शिक्षकों और स्टाफ की कमी को तुरंत दूर करने की गुहार लगाई है। प्रदेश में आउटसोर्स भर्ती पर प्रतिबंध लगा कर नियमित भर्तियां की जाएं। इस अवसर पर एबीवीपी रामपुर इकाई अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, सह सचिव सुनील, नगर मंत्री विकास चौहान, रितिका ठाकुर, दीया लश्टी और निकिता सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।