न्यास की बैठक में लिया फैसला, विकास कार्य पर भी चर्चा की
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू। श्रीदुर्गा माता मंदिर हाटकोटी की आरती अब ऑनलाइन दिखाई देगी। डिजिटल युग को ध्यान में रखते हुए मंदिर न्यास ने यह फैसला लिया। मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से माता के दर्शन, पूजा और आरती को ऑनलाइन दिखाया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से यज्ञ भी करवा सकेंगे, जिससे देश-विदेश में रहने वाले भक्तों को भी हाटकोटी धाम से जुड़ने का अवसर मिलेगा। श्रीदुर्गा माता मंदिर न्यास हाटकोटी की बैठक मंगलवार को अध्यक्ष एवं एसडीएम गुरमीत नेगी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मंदिर न्यास के प्रशासनिक, वित्तीय और विकास के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से न्यास में आरएंडपी नियमों को लागू करने का निर्णय लिया गया, जिससे मंदिर प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जा सके। साथ ही लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का भुगतान शीघ्र करने पर सहमति बनी। मंदिर न्यास में रिक्त पड़े पदों को भरने का भी निर्णय लिया गया, ताकि कार्य संचालन में आ रही दिक्कतों को दूर किया जा सके। मंदिर की भूमि की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री फेंसिंग करवाने पर भी चर्चा हुई और इसे प्राथमिकता में शामिल किया गया। बैठक में हाटकोटी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए पब्लिक लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान के चयन पर मंथन किया गया। इसके वीआईपी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के लिए विशेष भोग व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। पर्यटन एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पराहट के पास स्थित पुराने शिव मंदिर के रेनोवेशन का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। इसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष एवं एसडीएम गुरमीत नेगी ने कहा कि इन सभी निर्णयों का उद्देश्य मंदिर प्रबंधन को आधुनिक, पारदर्शी और भक्तों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है। बैठक में न्यास के सचिव एवं नायब तहसीलदार सरस्वती नगर दिनेश शर्मा न्यास के सरकार गैर सरकार सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।