तूफान से आनी उपमंडल के कराणा गांव में मकान से उठी छत
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी/ दलाश(कुल्लू)। आनी उपमंडल में देर शाम आए अंधड़ ने खूब कहर बरपाया। इससे कई मकानों की छतें उड़ गईं तो वहीं पेड़ गिरने से वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। अंधड़ से आनी के कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचा है। राजस्व विभाग ने मामले की सूचना मिलते ही अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार आनी क्षेत्र में दोपहर के बाद अचानक अंधड़ आ गया। इससे क्षेत्र में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हालत यह थी कि अंधड़ से क्षेत्र में सात मकानों की छतें उड़ गई। इसके अलावा दलाश में पेड़ गिरने से एक गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। अंधड़ से दलाश क्षेत्र के बेहरी गांव के टिक्कम राम और मनोहर लाल सहित पांच मकान, कराणा में एक और कुंगश में एक रिहायशी मकान की छत उड़ गई। इसके साथ ही अन्य कई क्षेत्रों से भी अंधड़ के कारण नुकसान की सूचना मिली है।
इसके अलावा जेहरा समेत कई गांवों में फलों से लदे पेड़ भी उखड़ गए। इससे बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा सेब के बगीचों में ओलों से बचाव के लिए लगाई एंटी हैलनेट को भी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर जाकर नुकसान के आकलन के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार आनी दलीप शर्मा ने बताया कि अंधड़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है।