प्राचार्य ने विजेता टीम को दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। महाविद्यालय आनी ने इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल (ग्रुप-2) में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सातवीं बार फोक ऑर्केस्ट्रा (लोक वाद्यवृंद) में प्रथम और समूह गान में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
प्रदेश विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल (ग्रुप-2) का आयोजन 4 से 7 नवंबर तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 43 महाविद्यालयों के लगभग 450 प्रतिभागियों ने प्रदर्शन किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र पॉल ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्राचार्य ने संगीत विभाग के सहायक आचार्य लेफ्टिनेंट अशोक भारद्वाज, सहायक आचार्य संजय कुमार और सहायक आचार्य सीमा वर्मा को विशेष बधाई दी। डॉ. पॉल ने कहा कि शिक्षकों के योगदान से ही महाविद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस मौके पर समस्त कॉलेज स्टाफ ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।