कुलगांव फायरिंग : बंदूक लहराते युवक का वीडियो वायरल
महिलाओं के बीच नृत्य के दौरान चली गोली
गिरफ्तार दो आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल के कुलगांव में धार्मिक आयोजन के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसकी फुटेज जांच का अहम आधार बनेगी।
वायरल फुटेज में एक युवक देर रात बंदूक लहराते हुए डीजे पर नाचता दिखाई दे रहा है। उसी दौरान मंदिर प्रांगण में महिलाएं समूह में नृत्य करती नजर आती हैं। कुछ ही क्षण बाद चार युवकों के बीच अचानक गोली चलती है, जिसके बाद एक महिला सीने पर हाथ रखकर कुछ कदम चलती है और फिर वहीं बैठ जाती है।
फुटेज में दिख रहा है कि गोली चलाने वाला युवक अपने साथी के कान में कुछ कहने के बाद मौके से हट जाता है और बंदूक उसे थमा देता है। इसके बाद दूसरा युवक सामान्य तरीके से नाचता रहता है, मानो कुछ हुआ ही न हो। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे लापरवाही से हुई हर्ष फायरिंग का मामला माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस मामले में गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार दो युवकों रजत सोहटा (अपर बाजार, रोहड़ू) और अमित उर्फ रोहित भप्टा (मंडारली, तहसील रोहड़ू) को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास करेगी कि हथियार कहां से आया, किसके नाम पर पंजीकृत था। घटना के समय अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार लाना पूर्व नियोजित था या लापरवाही का परिणाम। घटना के बाद क्षेत्र में शोक है।