रामपुर बुशहर। एसडीएम रामपुर दिलीप नेगी ने वीरवार को शहर के व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में एसडीएम ने अग्निकांड से बचने के लिए रामपुर बाजार में पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी है। इस दिशा में व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यापारी इसके बावजूद बाजार में पटाखे बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। दिवाली के दिन ब्वॉयज स्कूल रामपुर के मैदान में पटाखे बेचे जा सकते हैं। उधर, ज्यूरी में पटाखों की बिक्री के लिए मेमोरियल पार्क को चुना गया है।
बैठक में उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को मिठाइयों की गुणवत्ता रखने और दुकानों पर रेस्ट लिस्ट लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे कि ग्राहक ठगी के शिकार न हों। उन्होंने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए कि दुकानों का समय-समय पर निरीक्षण करें और मिठाइयों की गुणवत्ता जांचे। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। दुकानों में बासी मिठाइयां रखी और बेची गई तो विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं, उन्होंने बाजार में सड़क पर जरूरत से अधिक सामान न फैलाने के निर्देश व्यापारियों को दिए। अचानक आगजनी होने पर राहत एवं बचाव कार्य में अड़चन न आए। बैठक में एसएचओ मथुरा दास, अतिरिक्तपुलिस थाना प्रभारी नरेश शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश गुप्ता, पदम स्कूल प्रधानाचार्य राकेश वशिष्ठ, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक अरविंद पदम आदि मौजूद रहे।
लवी मेले की पहली बैठक आज
रामपुर बुशहर। रामपुर में नवंबर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के आयोजन को लेकर शुक्रवार को पहली बैठक होगी। मेला कमेटी के सचिव एवं एसडीएम दिलीप नेगी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक मेले की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल और एडीएम शिमला देवेंद्र कुमार रतन भी मौजूद रहेंगे।