रामपुर बुशहर/निरमंड। निरमंड खंड की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समेज में पिछले सात साल से टीजीटी नॉन मेडिकल के शिक्षक का पद रिक्त है। इससे स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। वर्तमान समय में स्कूल में करीब 200 छात्र और छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। क्षेत्र की तीन पंचायतों सरघा, कुशवा और सरपारा पंचायत के बच्चे यहां पढ़ाई के लिए आते हैं। अभिभावक कई बार खाली पद को भरने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो सका है। शिक्षक की नियुक्ति न होने के कारण अभिभावकों में रोष है। क्षेत्र के विधायक ने स्कूल के कार्यक्रम में लोगाें को जल्द शिक्षक तैनात करने का आश्वासन दिया था लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी उक्त स्कूल में शिक्षक की तैनाती नहीं की गई।
सरघा पंचायत की प्रधान शकुंतला ठाकुर, उपप्रधान जीवन चौहान, कुशवा पंचायत प्रधान सुमित्रा देवी, सरपारा पंचायत प्रधान बीना परमार, मंगला नंद, केहर सिंह, संगत राम, मोहन लाल, सुरेश, मोहर सिंह, ईश्वर सिंह का कहना है कि टीजीटी नॉन मेडिकल का शिक्षक न होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इधर, क्षेत्र के मोहाली स्कूल में भी टीजीटी नॉन मेडिकल का पद रिक्त होने से छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।