रामपुर बुशहर। झाकड़ी पुलिस थाना के अंतर्गत दोफदा में एक बुजुर्ग ने बगीचे में फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक दोफदा निवासी घनश्याम दास (72) ने मंगलवार शाम को घर के नजदीक अपने बगीचे में फंदा लगाया, जिससे उनकी मौत हो गई। किसी ने शव को पेड़ से लटके देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। सूचना पर झाकड़ी पुलिस एसएचओ मंगत राम के नेतृत्व में दोफदा पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। एसएचओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से किसी तरह का शक भी जताया नहीं गया है। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी किसी बीमारी को लेकर काफी परेशान थे। शायद यही वजह होगी कि उन्होंने ऐसा कदम उठाया होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
झाकड़ी थाना के तहत आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। करीब एक सप्ताह पूर्व ही झाकड़ी में प्रोजेक्ट अस्पताल में कार्यरत एक नर्स ने अपने आवास में फंदा लगाया था। अभी यह मामला ठंडा नहीं हुआ था कि दोफदा में बुजुर्ग ने फंदा लगा लिया।