रोहडू। दिवाली में पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन ने स्थान चयनित कर लिया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शिखड़ी खड्ड के समीप ही पटाखों के स्टाल लगेंगे। बाजार में पटाखों की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। दिवाली की तैयारियाें से संबंधित बैठक एसडीएम एमआर धीमान की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम रोहडू एमआर धीमान ने बताया कि रोहडू बाजार में पटाखों की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। पटाखों के स्टाल शिखड़ी खड्ड के समीप लगेंगे। स्टाल लगाने के लिए विक्रेताओं को पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस बनाने हाेंगे। अगर कोई व्यक्ति बाजार में पटाखे बेचता हुआ पकड़ा गया, तो उसके पटाखों को जब्त कर लिया जाएगा। पटाखों की दुकानों के समीप दमकल वाहन खड़ा रहेगा। इसके लिए अग्निशमन केंद्रों को निर्देश दे दिए गए हैं। नगर परिषद हर विक्रेता से सौ रुपये वसूल करेगी, जिसकी बाकायदा रसीद काट कर विक्रेता को दी जाएगी। यह पैसा नगर परिषद के फंड में जमा होगा। उन्होंने बताया कि हर विक्रेता को रेत से या फिर पानी से भरकर एक बाल्टी पटाखों के स्टाल के साथ रखनी अनिवार्य होगी। पटाखों के स्टालों के आसपास किसी भी तरह के ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल न करें। प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होगा। पटाखों की बिक्री के लिए चयनित किए गए स्थान को स्वच्छ रखें।