रामपुर बुशहर। अगर आपने एनएच से वाहन को नहीं हटाया तो इसे क्रेन उठा ले जाएगी। इस
मुहिम को अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में यातायात को सुचारु रखने के लिए शुक्रवार से शुरू किया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई शहर में नेशनल हाइवे के किनारे अनधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहन मालिकों पर की जाएगी।
पुलिस ने वाहन मालिकों को नोटिस के माध्यम से सूचित कर दिया है। बावजूद इसके, अगर कोई एनएच से अपना वाहन नहीं हटाता है, तो उसे क्रेन उठाकर न्यू बस स्टैंड ले जाएगी। इतना ही नहीं, पुलिस गाड़ी को क्रेन से बस अड्डे तक ले जाने का खर्च भी वाहन मालिक से वसूल करेगी। लवी मेले में हजारों की तादाद में लोग जुटते हैं। इससे पुराने बस स्टैंड से लेकर मेला मैदान तक लोगों की काफी भीड़ रहती है। पुराने बस स्टैंड से मेला मैदान तक नेशनल हाइवे पर एक किनारे दुकानें लगती हैं, इसलिए हाइवे के दूसरे किनारे को खाली किया जाता है, जिससे मेले में आए लोगों को ट्रैफिक समस्या से जूझना न पड़े। पुलिस शुक्रवार को हाइवे के किनारे अनधिकृत रूप से पार्क वाहनों को हटाने की मुहिम शुरू करेगी। बीएसएनएल कार्यालय से लेकर चूहाबाग तक सड़क को खाली किया जाएगा। वाहन हटाने को लेकर पुलिस ने सभी वाहन मालिकों को सूचित कर दिया है। डीएसपी आरपी जसवाल ने बताया कि नोटिस के बावजूद कोई अगर वाहन नहीं हटाएगा, तो उस वाहन को क्रेन से उठाया जाएगा। पुलिस की क्रेन यहां पहुंच गई है। पुलिस वाहन को न्यू बस स्टैंड तक क्रेन से उठाने का खर्च भी वाहन मालिक से वसूल करेगी। इसलिए, अगर खर्च से बचना है तो वाहन मालिक अपने वाहन न्यू बस स्टैंड तक स्वयं ले जाएं। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था एवं ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।