अब छात्रावास और इंडोर स्टेडियम पर खर्च होंगे 9.50 करोड़
लोनिवि ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजा रिवाइज्ड एस्टीमेट
दत्तनगर में खेल छात्रावास के लिए अभी करना होगा इंतजार
खेल छात्रावास में 50 छात्र-छात्राओं के रहने की होगी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी स्पोर्ट्स हॉस्टल की मांग जल्द पूरी होगी। इसके लिए सरकार की ओर से पूर्व में जहां छह करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, वहीं अब इस खेल छात्रावास पर साढ़े नौ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जानी है। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को रिवाइज्ड एस्टीमेट तैयार कर भेज दिया है। धनराशि मुहैया होते ही स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
गौर रहे कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर के समीप बन रहे स्पोर्ट्स हॉस्टल और इंडोर स्टेडियम का काम जल्द पूरा होगा। छात्रावास और इंडोर स्टेडियम पर करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये की राशि खर्च की जानी है। छात्रावास शुरू होने के बाद यहां 25 छात्राओं और 25 छात्र खिलाड़ियों को रहने की सुविधा प्राप्त होगी। पूर्व सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2017 में इसका शिलान्यास किया था और मार्च 2018 में इसका कार्य पूरा किया जाना था और छात्र खिलाड़ियों को रहने सुविधा दी जानी थी, लेकिन कार्य बढ़ने के चलते अब इस पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की और राशि खर्च करने की योजना है। इंडोर स्टेडियम में वॉलीबाल और बॉक्सिंग कोर्ट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। दिसंबर माह तक इसका कार्य पूरा कर लिया जाएगा। स्पोर्ट्स हॉस्टल से पांच जिलों शिमला, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के छात्रों को खेलकूद गतिविधियों के प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। अभी तक शिमला जिले के रोहड़ू और मतियाना में ही स्पोर्ट्स हॉस्टल की सुविधा है। इन दोनों छात्रावासों में सीटों की कमी के कारण खिलाड़ी छात्रों को मायूस होना पड़ता है, लेकिन जल्द ही क्षेत्र के लोगों को खेल छात्रावास का लाभ मिलेगा।
कार्य बढ़ने के कारण मांगा अतिरिक्त बजट
लोक निर्माण विभाग रामपुर के एक्सईएन पीआर नेगी ने कहा कि स्पोर्ट्स हॉस्टल दत्तनगर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। हॉस्टल और इंडोर स्टेडियम में कार्य बढ़ने से अतिरिक्त साढ़े तीन करोड़ की राशि व्यय की जानी है। विभाग ने रिवाइज्ड एस्टीमेट तैयार कर विभाग के अधिकारियों को भेजा है। मंजूरी मिलते ही हॉस्टल और इंडोर स्टेडियम की फिनिशिंग कर तैयार कर दिया जाएगा। खेल छात्रावास पर कुल साढ़े नौ करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।