ठियोग अस्पताल परिसर मे नेत्र चिकित्सा शिविर के दूसरे दिन मरीजों की जांच करता चिकित्सक। संवाद
मरीजों के मोतियाबिंद के फ्री होंगे ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। सिविल अस्पताल ठियोग में शुक्रवार से तीन दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर के पहले दिन 825 मरीजों का पंजीकरण किया गया। जांच के बाद चयनित मरीजों के मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन होंगे।
इस शिविर का आयोजन सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ ठियोग की ओर से किया जा रहा है। इसमें रोटरी आई फाउंडेशन मारंडा पालमपुर के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. रोहित गर्ग और उनकी टीम नेत्र जांच कर मोतियाबिंद के रोगियों के ऑपरेशन करेंगे। यह ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से होंगे। सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रधान महेंद्र प्रताप चंदेल ने कहा कि हर साल होने वाले शिविर में शुक्रवार को रोगियों का पंजीकरण के बाद शनिवार को जांच होगी। रविवार को मोतियाबिंद से प्रभावित लोगों की आंखों की शल्य चिकित्सा कर उन्हें लैंस लगाए जाएंगे।
शिविर में अस्पताल प्रशासन, नगर की विभिन्न संस्थाएं, स्वयंसेवी और समाजसेवी भी सहयोग करते हैं। ठियोग में रोटरी आई फाउंडेशन की ओर से पिछले 12 वर्षों से नेत्र शिविर लगाकर अब तक 1000 से अधिक ग्रामीणों के मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन किए जा चुके हैं। संघ के अनुसार शिविर की सभी तैयारियां कर ली गई हैं।